लखनऊ। स्वामी विवेकानंद के जन्म जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। वही इस बार भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संकल्पित आत्मनिर्भर भारत अभियान में सहभागी युवा उद्यमियों को सम्मानित किया गया। युवा उद्यमी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमन सिंह चौहान के कार्यालय अर्जुनगंज सरसावा में किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह व विशिष्ट अतिथि केे रूप में जिला अध्यक्ष कृष्ण लोधी उपस्थित रहे।
उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि हमें इस युवा शक्ति की सकारात्मक ऊर्जा का संतुलित उपयोग करना होगा। कहते हैं कि युवा वायु के समान होता है। जब वायु पुरवाई के रूप में धीरे-धीरे चलती है तो सबको अच्छी लगती है। सबको बर्बाद कर देने वाली आंधी किसी को भी अच्छी नहीं लगती है। हमें इस पुरवाई का उपयोग विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में करना होगा। यदि हम इस युवा शक्ति का सकारात्मक उपयोग करेंगे तो विश्व गुरु ही नहीं, अपितु विश्व का निर्माण करने वाले विश्वकर्मा के रूप में भी जाने जाएंगे। किसी शायर ने कहा है कि युवाओं के कधों पर, युग की कहानी चलती है। इतिहास उधर मुड़ जाता है, जिस ओर जवानी चलती है। हमें इन भावों को साकार करते हुए अंधेरे को कोसने की बजाय ‘अप्प दीपो भवः की अवधारणा के आधार पर दीपक जला देने की परंपरा का शुभारंभ करना होगा।
वही युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमन सिंह चौहान ने कहा कि युवावस्था एक चुनौती हैं। वह महासागर की उताल तरंगों को फांदकर अपने उदात्त लक्ष्य का वरण कर सकती है, तो नकारात्मक ऊर्जा से संचालित व दिशाहीन होने पर अधःपतन को भी प्राप्त हो सकती है। उसमें ऊर्जा का अनंत स्त्रोत है, इसलिए उसका संयमन व उचित दिशा में संस्कार युक्त प्रवाह बहुत आवश्यक है।
Be First to Comment