रांची के मौसम ने 40 साल बाद एक रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 1980 के बाद जनवरी 2021 में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पहुंचा। 40 साल के इतिहास में रांची में एक जनवरी से सात जनवरी तक न्यूनतम पारा 17 डिग्री पार नहीं किया था। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार इसका सबसे बड़ा कारण पश्चिमी विक्षोभ है।
1980 से 1999 तक पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में नहीं रहता था, लेकिन वर्ष 2000 से 2020 तक इसका असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड में सात बार पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में आता था, पर अब सात को भी पार कर गया है। वैश्विक स्तर पर मौसम बदलाव का असर भी अब झारखंड में दिख रहा है। इसीलिए जनवरी के शुरुआत में ही ठंड कम हो गई है।
जानिए…कैसे बदल रहा है रांची का जनवरी
वर्ष 2018-19 में जनवरी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे था, लेकिन 40 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पार कर गया। अमूमन जनवरी में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के आसपास रहता है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.8, न्यूनतम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम मीटर… 2 दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री बढ़ा
रांची में दो दिनों में रात के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे ठंड कम लग रही है। क्योंकि न्यूनतम तापमान अपने सामान्य तापमान से 7 डिग्री अधिक है। ऐसी स्थिति 12 जनवरी तक रहने की संभावना है। 9 जनवरी से 11 जनवरी तक बादल छाए रहेंगे, धूप भी खिलेगी, लेकिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।
पूर्वानुमान… 14-16 डिग्री के बीच रह सकता है शहर का न्यूनतम तापमान
मौसम केंद्र ने 21 जनवरी तक का पूर्वानुमान जारी किया है। पहले हफ्ते में सुबह में बादल छाए रहेंगे पर दिन में तेज धूप रहेगी। 8 से 14 जनवरी तक अधिकतम तापमान 25 से 32 डिग्री और न्यूनतम 9 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है। 15 से 21 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान 23 से 30 डिग्री और न्यूनतम 8 से 14 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।
अलर्ट…11 तक आंशिक बादल, पर गर्मी बढ़ेगी
8 जनवरी से 11 जनवरी तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं दिन में धूप भी खिली रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

धनबाद में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस
धनबाद में जनवरी का प्रथम सप्ताह सीजन में सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान जहां 31 डिग्री तो न्यूनतम पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक लुढका। शुक्रवार को मौसम का यह तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Be First to Comment