रांची के न्यूनतम और उच्चतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य तापमान से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस अदर्ज किया गया जो कि समान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 5 दिनों तक रांची का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि 7 जनवरी से उत्तरी राज्यों में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस बनने वाला है। इसके कारण न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
छाए रह सकते हैं आंशिक बादल
रांची में सुबह से ही धूप की आंखमिचोनी जारी है। ये स्थिति पूरे दिन बनी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण अगले कुछ दिनों तक रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इसके कारण भी धूप तेज होगी तो कभी पूरे दिन धूप नहीं रहेगी।
सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर गया चाईबासा का तापमान
राज्य भर के मौसम की बात करें तो पिछले 24 घंटे में झारखंड का मौसम शुष्क रहा है। अधिकतम तापमान सबसे अधिक चाईबासा का 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो का 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा है। चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। इसके अलावा जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
Be First to Comment