सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित रांची-मेदिनीनगर NH-39 पर मंगलवार की देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वो करीब 2 घंटे तक जख्मी हालत में सड़क पर पड़ा रहा। बुधवार की अहले सुबह 4 बजे लोगों की नजर पड़ी तो उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपने ससुराल खामडीह गांव से झगड़ कर अपने घर जाने के लिए निकला था।
मृतक की पहचान ललन सिंह (32) लेस्लीगंज थाना क्षेत्र एरूआ गांव निवासी के रूप में की गई। वो खामडीह गांव स्थित अपने ससुराल गया हुआ था। मंगलवार की रात ससुराल में किसी बात पर विवाद हुआ और वो गुस्से में बाइक उठा करीब 2 बजे रात अपने घर जाने के लिए निकल पड़ा।
युवक जैसे ही रांची-मेदिनीनगर NH-39 पर पहुंचा, किसी अज्ञात वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। वो जख्मी हालत में सड़क पर गिर गया। अंधेरा होने की वजह से किसी की उस पर नजर पड़ी। सुबह जब कुछ लोग इस ओर आए तब युवक को जख्मी हालत में गिरा देखा।
Be First to Comment