अयोध्या. राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह अभियान गुरुवार से शुरू हो चुका है। इसके लिए बकायदा जगह जगह पर कार्यालय खोले गये हैं। जहां से विहिप और आरएसएस के कार्यकर्ता विभिन्न मोहल्ले में टोलियों के रूप में घर-घर जाकर राम मंदिर के लिए निधि समर्पण की मांग कर रहे हैं। राम मंदिर निर्माण शुरू हो चुका है, इस बात की जानकारी देते हुए लोगों से राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण की मांग की जा रही है। राम मंदिर निर्माण में सहयोग का प्रमुख उद्देश्य हर वर्ग के व्यक्ति के द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग लेना है। इसके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आह्वान पर विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस के कार्यकर्ताओं की टोलियां लगभग 11 करोड़ परिवारों तक जाने के लिए तैयारी में हैं।
27 फरवरी तक चलेगा अभियान
यह अभियान 27 फरवरी माघी पूर्णिमा तक चलेगा। इसके लिए ढाई लाख से ज्यादा कार्यकर्ता 11 करोड़ परिवारों में जाकर राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण का आग्रह राम भक्तों से करेंगे और उन्हें राम मंदिर निर्माण की जानकारी देंगे। इस कार्यक्रम को चलाने के लिए पिछले काफी दिनों से ट्रस्ट के आह्वान पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के द्वारा योजनाएं बनायी जा रही थीं। इसके लिए पूरे देश में ही तमाम जगहों पर कार्यालय भी खोले गए हैं. लोगों को राम मंदिर निर्माण में निधि समर्पण के लिए जागरूक किया जा रहा है।
Be First to Comment