बंशीधर नगर भाजपा के ग्रामीण व शहरी कमेटी मंडल द्वारा राज्य में महिला पर हो रहे अत्याचार व कानून व्यवस्था की खस्ताहाल को लेकर राज्यपाल के नाम गुरुवार को प्रखंड के बीडीओ अमित कुमार को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से कहा कि राज्य में महिला दुष्कर्म की घटनाएं हर रोज घट रही है। पिछले एक साल में ऐसी घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। राज्य सरकार के आधिकारिक वेबसाइट पर डाले गए आंकड़े बताते हैं कि बीते नवम्बर माह तक प्रदेश की 1765 महिलाएं व बेटियां दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुई है।
औसत देखा जाए तो प्रतिदिन 5 बहने हत्या और दुष्कर्म की शिकार हो रही जो अत्यंत ही दुखद है। इसमें अधिकांश बेटियां आदिवासी और दलित समाज से हैं। वही तीन दिन पूर्व ओरमांझी में सिर कटी युवती की मिली नग्न लाश ने राज्य की गिरती कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस दुर्दांत घटना ने राज्य के आम आदमी को सड़क पर उतरने को विवश कर दिया है।
राज्य सरकार घटना के उद्भेदन में अपनी ताकत न लगाकर आम आदमी पर पुलिसिया जुल्म करा रही है, जो सरकार की निरंकुशता को दर्शाता है। जबकि कोर्ट ने भी राज्य सरकार को इस मामले में फटकार लगा चुकी है। पत्र में कहा गया है कि कानून व्यवस्था की लचर स्थिति से आम जनता के मन मे हर वक़्त दहशत का माहौल है। भाजपा ने सशक्त विपक्ष भूमिका का निर्वहन करते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन से सरकार को जगाने का काम कर रही है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग किया है।
मांग पत्र सौंपने वालो में जिला पार्षद प्रियंका देवी, पार्टी के जिला कार्यसमिति सदस्य लवली आनंद, फुल कुमारी देवी, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम, अनुमंडल विधायक प्रतिनिधि ओम प्रकाश गुप्ता, सारी विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ, शहरी मण्डल अध्यक्ष कनिष्क कुमार, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास पांडेय, लालमोहन यादव, संजीत तिवारी, विकी देव, धनंजय तिवारी सहित कई लोग शामिल थे।
Be First to Comment