उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में किसानों समेत कई खाता धारकों के साथ फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंडियन बैंक के पूर्व मैनेजर ने कई खातों से अपने चहेतों के खाते में एक करोड़ 36 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। मामला सामने आने के बाद वर्तमान बैंक मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व बैंक मैनेजर सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन साल तक की हेराफेरी
यह पूरा मामला कदौरा थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित इंडियन बैंक का है। जहां पर पूर्व में रहे बैंक मैनेजर राहुल सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग कर कई खाताधारकों के खातों में धोखाधड़ी कर 2016 से लेकर 2019 तक एक करोड़ 36 लाख रुपए अपने खास लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसमें किसानों के खाते में आए हुए किसान बीमा योजना के भी पैसे थे। वहीं जब वर्तमान बैंक मैनेजर को इस घोटाले का पता चला तो उसने इस बात की जानकारी बैंक के उच्चाधिकारियों को दी और एक लिखित तहरीर बैंक मैनेजर के खिलाफ कदौरा थाने में भी दी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्टेटमेंट रिकार्ड करने में जुटी पुलिस
SP डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि पूर्व बैंक मैनेजर पर ग्राहकों का पैसा अपने खाते व अपने परिवारजनों के खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। लगभग सवा करोड़ रुपए का हेरफेर किया गया है। इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और स्टेटमेंट को रिकार्ड करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
Be First to Comment