झारखंड के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे में 237 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई। 316 मरीज ठीक भी हुए हैं। इनमें से 161 मरीज रांची से शामिल हैं। राज्य भर में अब तक 1,079,21 संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 2,242 एक्टिव हैं। वहीं, बुधवार को तीन मरीजों की मौत भी हुई। मृतकों में देवघर, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम से 1-1 मरीज शामिल हैं। इधर, स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को दिसंबर के पहले सप्ताह तक अपने-अपने जिलों में कोरोना के लिए निर्धारित बेड की संख्या तैयार रखने का निर्देश दिया है।
राज्य में 31 हजार कोरोना के आइसोलेशन बेड तैयार किए जाने हैं। स्वास्थ्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों का जायजा लिया और जिलों में टीकाकरण के लिए मानव बल की उपलब्धता व कोल्ड चेन मेंटेनेंस को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा में राज्य के सभी सिविल सर्जन, आरसीएच पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक,जिला डाटा प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक व जिला कार्यक्रम समन्वयक उपस्थित थे।
कोरोना के साथ अन्य कार्यक्रमों पर भी ध्यान दें
स्वास्थ्य सचिव ने कोरोना के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर भी ध्यान देने की बात कही। प्रधान सचिव ने बच्चों के नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की एंटीनेटल जांच एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने की हिदायत दी। साथ ही 15 नवंबर से राज्य में प्रारंभ हुआ अभियान ‘टीबी हारेगा देश जीतेगा’ पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि निजी या सरकारी स्तर पर टीबी के जो भी मरीज निक्षय पोर्टल पर रजिस्टर्ड होते हैं, उनके खाते में जब तक इलाज चलेगा, हर माह 500 रुपए की राशि भेजी जाएगी। हर हाल में यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बुधवार को कहां से मिले कितने मरीज
बोकारो से 18, देवघर से 10, धनबाद से 14, दुमका से 2, पूर्वी सिंहभूम से 38, गढ़वा से 4, गिरिडीह से 4, गोड्डा से 3, गुमला से 1, हजारीबाग से 6, जामताड़ा से 1, खूंटी से 6, कोडरमा से 1, लातेहार से 2, लोहरदगा से 4, पाकुड़ से 1, पलामू से 3, रामगढ़ से 12, रांची से 92, साहेबगंज से 4, सरायकेला से 2, सिमडेगा से 4 और पश्चिमी सिंहभूम से 5 मरीज
Be First to Comment