उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दो भाई बीते 30 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि माता-पिता की हत्या के बाद प्रशासन ने मदद का वादा किया था। लेकिन अभी तक कुछ भी पूरा नहीं हुआ है। उन दोनों ने टंकी की रेलिंग पर एक बैनर भी टांग दिया। जिसमें मुख्यमंत्री योगी ने न्याय की मांग की है। प्रदर्शनकारी भाइयों ने प्रशासन के समक्ष दो मांगे रखी है। जिसमें दो मान ली गई है। दो अन्य मांगों को लेकर अभी भी दोनों भाई टंकी पर चढ़े हैं और खुदकुशी करने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मनाने में जुटे हैं।
अक्टूबर माह में हुई थी हत्या
दरअसल, तरयासुजान थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के सियरहा टोला निवासी बुधन और उनकी पत्नी सनकेशिया की छह अक्टूबर 2020 की हत्या कर दी गई थी। बुधन के बेटे भीम और अर्जुन बुधवार सुबह 10:30 बजे तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। दोनों ने अपने साथ गैलन में पेट्रोल भी रखा है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने भीम और अर्जुन को नीचे उतारने के लिए समझाया। लेकिन दोनों ने कहा कि प्रशासन 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दे। इसके अलावा नगर पंचायत में सरकारी नौकरी और आवासीय पट्टा दिया जाए।

प्रशासन ने दो मांगे मानी
उप जिलाधिकारी एआर फारुकी, क्षेत्राधिकारी फूलचंद कनौजिया, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने जन प्रतिनिधियों के सहयोग से दोनों भाइयों की मान मनौव्वल की। लेकिन दोनों किसी बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। शाम को दोनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलाने की मांग पर अड़ गए। पूरी रात पुलिस कर्मियों ने जागकर दोनों की सुरक्षा की। आज गुरुवार को प्रशासन ने भीम व अर्जुन को दो-दो बिस्वा जमीन और नगर पंचायत में नौकरी की मांग को मान लिया है। लेकिन अन्य दो मांगे अभी नहीं मानी गई है।
Be First to Comment